मऊगंज में बढ़ता चोरी का आतंक: पुलिस की नाकामी या मिलीभगत?

मऊगंज, एक तरफ मऊगंज को जिला घोषित कर विकास की उम्मीदें जगाई गई थीं, तो दूसरी तरफ अब यही जिला आम नागरिकों के लिए खौफ का केंद्र बनता जा रहा है। दिनदहाड़े हो रही चोरियों, और पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई से पूरे जिले में दहशत का माहौल है। जनता अब यह सवाल कर रही है कि क्या मऊगंज में पुलिस और चोरों की मिलीभगत से अपराध फल-फूल रहे हैं?सबसे ताजा मामला सामने आया है जनपद पंचायत मऊगंज के सचिव संघ अध्यक्ष उमेश शुक्ला का। वे अपनी पत्नी को इलाज के लिए इलाहाबाद ले जा रहे थे। रास्ते में मऊगंज के आशीर्वाद हॉस्पिटल के सामने अपनी गाड़ी खड़ी की। चंद मिनटों के लिए वे हॉस्पिटल गए और जब लौटे तो उनकी गाड़ी की डिग्गी से एक लाख रुपये से अधिक की नकदी गायब थी। उमेश शुक्ला के अनुसार, गाड़ी कुछ ही मिनटों के लिए छोड़ी गई थी। “मैं बाथरूम गया, फिर पत्नी की तबीयत बिगड़ी, हॉस्पिटल से दवा लेने अंदर गया और लौटते ही देखा कि गाड़ी की डिग्गी खुली है और नकदी गायब,” उन्होंने बताया। हैरानी की बात यह है कि ये पूरी वारदात हॉस्पिटल के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई, बावजूद इसके पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। 2 दिन से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन मऊगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस न तो फोन उठा रही है, न ही अपराधियों की तलाश में गंभीरता दिखा रही है। जब इस पूरे प्रकरण पर पत्रकार दीपक गुप्ता ने मऊगंज एसपी श्री दिलीप सोनी से बात की, तो उन्होंने कहा, “मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। अब जब जानकारी मिली है, तो निश्चित रूप से जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।” पर सवाल ये उठता है कि क्या एसपी को मऊगंज में हो रही चोरियों की खबरें नहीं मिल रही थीं? क्या इतने बड़े पैमाने पर हो रही वारदातों की भनक पुलिस मुख्यालय तक नहीं पहुंच रही? या फिर जानबूझकर इन घटनाओं को अनदेखा किया जा रहा है? मऊगंज जिले में बीते कुछ महीनों से लगातार चोरियों की घटनाएं बढ़ रही हैं — और पुलिस का रवैया हर बार एक जैसा रहता है: “जांच जारी है।” जनता अब इस रटा-रटाया जवाब नहीं चाहती, वो सुरक्षा चाहती है, जवाबदेही चाहती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब मऊगंज तहसील हुआ करता था, तब हालात बेहतर थे। लेकिन जिला बनते ही अपराधियों को जैसे खुली छूट मिल गई हो। चोरी की घटनाएं, लूट, और पुलिस की निष्क्रियता ने मऊगंज को ‘तमाशा’ बनाकर रख दिया है।

क्या अब मऊगंज में अपराधियों का राज चलेगा?
क्या प्रशासन सिर्फ तब जागेगा जब किसी बड़े अफसर या नेता के साथ घटना होगी?
जब सीसीटीवी फुटेज तक मौजूद है, तब भी कार्रवाई नहीं होती, तो आम नागरिकों को किस भरोसे पर जीना होगा?सरकार और पुलिस प्रशासन को चाहिए कि अब इस जिले को ‘चोरों का अड्डा’ बनने से रोके और सख्त से सख्त कदम उठाए। वरना वह दिन दूर नहीं जब जनता अपना भरोसा पूरी तरह खो देगी — न सिर्फ पुलिस से, बल्कि पूरे शासन-प्रशासन से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें

जीते जी तो नरक झेला, अब मरने के बाद भी चैन नहीं!’ ग्राम पंचायत सीतापुर के डूडा दुआरी गाँव में 8 सालों से लटका है श्मशान घाट का निर्माण, गुस्साए ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली से लापता हुआ 6-चक्का ट्रक मऊगंज के सीतापुर में मिला लावारिस; चोरों ने उड़ाया ₹50,000 का माल, 2 बैटरियां और 250 लीटर डीजल पार; GPS से तलाशते हुए यहाँ तक पहुँचे ट्रक मालिक, थाना प्रभारी राम सिंह का बयान भी आया सामने

मध्य प्रदेश में दिव्यांगों के संवैधानिक अधिकारों की धज्जियाँ! ‘बाबाजी विश्वनाथ’ बस संचालक ने दिव्यांग कार्ड दिखाने पर भी नहीं दी 50% किराए की छूट, वसूला पूरा किराया; क्या मोहन यादव सरकार की साख सिर्फ कागजों पर है?

मऊगंज कलेक्ट्रेट और एसपी ऑफिस के सामने से पुलिस की ही 2 गाड़ियों की बैटरियां पार; 24 घंटे की सुरक्षा और सीसीटीवी के दावों की चोरों ने निकाली हवा, महकमे में मचा हड़कंप, जनता पूछ रही— ‘जब पुलिस खुद सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी का क्या होगा?’