लौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी दीपक द्विवेदी चढ़ा हत्थे

मऊगंज (लौर)। मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के सख्त तेवरों और अपराध मुक्त जिले के संकल्प का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। थाना लौर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग बालिका से दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की धमकी देने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पिछले एक साल से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
क्या था मामला? मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अगस्त 2025 को लौर थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पियुष उर्फ दीपक द्विवेदी (निवासी पतेरी) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और मुँह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 64, 64(2)(m), 115(2) BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 342/25 दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह और एसडीओपी श्रीमती सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लौर ने अपनी टीम के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साल भर से फरार चल रहे आरोपी दीपक उर्फ पियुष द्विवेदी को आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।
इनका रहा विशेष योगदान: इस अंधे मामले का पर्दाफाश करने और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाने में निरीक्षक राजेश पटेल, सउनि रमेश भारती, आरक्षक अजय मौर्य, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी और महिला आरक्षक नूतन मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













