
गुड़। हाल ही में रिक्त हुए जनपद एवं पंचायत पदों के लिए संपन्न उपचुनाव में गुड़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 का चुनाव एक बार फिर महेश कोल परिवार के पक्ष में रहा। इस बार महेश कोल की बहन बसंती निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।
बताया गया कि महेश कोल वर्ष 2015 से वार्ड क्रमांक 15 की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। जुलाई 2022 में हुए चुनाव में उन्होंने इसी वार्ड से अपनी पत्नी प्रतिमा बाई को चुनाव मैदान में उतारा था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रतिमा बाई को करीब 3,100 मत मिले थे, जबकि कुल मतों की संख्या लगभग 3,800 बताई गई है। इसे क्षेत्र में उनकी बड़ी चुनावी जीत के तौर पर देखा गया।
इसके बाद परिस्थितियों में बदलाव आया और 2026 के उपचुनाव में वार्ड रिक्त होने पर महेश कोल की बहन बसंती निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
पूर्व विधायक से लिया आशीर्वाद
निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद महेश कोल अधिवक्ता संघ गुड़ के अध्यक्ष दिलीप मिश्रा के साथ गुड़ क्षेत्र के पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा के निवास पहुंचे। इस दौरान पूर्व विधायक ने महेश कोल का स्वागत किया और उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें महेश कोल पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा और अधिवक्ता संघ अध्यक्ष दिलीप मिश्रा के साथ नजर आ रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 15 के उपचुनाव में बसंती के निर्विरोध निर्वाचन के बाद स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। महेश कोल परिवार की लगातार चुनावी सक्रियता को क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।













