
मऊगंज। भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनावों की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। यह विशेष अभियान 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक चलेगा, जिसके तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) हर घर पहुंचकर मतदाता का नाम, पता, आयु, BPIC नंबर और अन्य आवश्यक विवरण की पुष्टि करेंगे। इस प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग इस बार पहले से तैयार प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फॉर्म का उपयोग कर रहा है, जिसमें मतदाता सूची 2025 के अनुसार प्रत्येक मतदाता का विवरण पहले ही दर्ज है। BLO इस फॉर्म के आधार पर जानकारी की जांच करेंगे और प्रतिदिन ऐप में डेटा अपडेट करेंगे।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने नागरिकों से अपील की है कि सत्यापन के दौरान BLO को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि BLO केवल रिकॉर्ड का मिलान करेंगे और घर-घर दस्तावेज़ एकत्र नहीं करेंगे। यदि किसी मतदाता की जानकारी रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती है, तब ही संबंधित अधिकारी नागरिकों से दस्तावेज़ प्रस्तुत करने के लिए अलग से संपर्क करेंगे।
नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना यह भी है कि—
-
यदि परिवार में कोई नया सदस्य 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष का हो चुका है, तो BLO फॉर्म-6 उपलब्ध कराएंगे ताकि उसके नाम को मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
-
यदि परिवार में किसी सदस्य का निधन हो गया हो या वह किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया हो, तो उसकी जानकारी देकर उसका नाम सूची से हटाया जा सकता है।
कलेक्टर जैन ने कहा कि BLO पहचान पत्र के साथ घर-घर पहुंचेंगे, इसलिए नागरिक जानकारी देने से पहले उनकी पहचान अवश्य जांचें। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाना है, ताकि कोई पात्र नागरिक सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम सूची में न बने।
अभियान के बाद 09 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद नागरिक 09 दिसंबर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक अपने नाम से संबंधित दावा और आपत्ति दर्ज कर सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची 07 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
कलेक्टर जैन ने कहा —
“यह अभियान लोकतंत्र की समृद्धि और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों के सहयोग से यह सुनिश्चित होगा कि हर पात्र मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी प्रकार की गलत प्रविष्टि न रहे।”













