
टीकमगढ़, शहरवासियों के लिए मनोरंजन और पर्यटन की दिशा में एक नई पहल के तहत नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ ने महेंद्र सागर तालाब पर बोटिंग सुविधा का भव्य शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण और रिबन काटने की विधिवत प्रक्रिया के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस खास अवसर पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतीय, जिला पंचायत अध्यक्ष उमित लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत, वरिष्ठ नेता विवेक चतुर्वेदी, पूर्व विधायक के के श्रीवास्तव और पूर्व विधायक राकेश गिरी मंचासीन रहे। कलेक्टर श्री श्रोतीय ने बोट क्लब का विधिवत शुभारंभ कर तालाब में बोटिंग सुविधा का निरीक्षण किया।

नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मालिक ने बताया कि यह बोटिंग सुविधा शहरवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ पर्यटन का नया अनुभव प्रदान करेगी। अब नागरिकों को ऐसी सुविधाओं के लिए अन्य शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह नावें विशेष रूप से झांसी से मंगवाई गई हैं और पूरी तरह सुरक्षित एवं आरामदायक हैं। उन्होंने इसे नगर पालिका द्वारा नागरिकों को दी गई एक विशेष सौगात करार दिया। नगरपालिका अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रयास का उद्देश्य न सिर्फ मनोरंजन, बल्कि टीकमगढ़ शहर के पर्यटन को एक नई पहचान दिलाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्थल आने वाले समय में परिवारों और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। बोट क्लब की यह शुरुआत न केवल शहरवासियों के लिए उत्साहजनक है, बल्कि टीकमगढ़ को पर्यटन के नक्शे पर और मजबूत करने की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल है।













