
राजस्थान। झालावाड़ जिले के मनोहरथाना थाना क्षेत्र में व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को लेकर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूटे गए 2.5 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए जिले की पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि घटना 7 जुलाई की है, जब गुराठी-झीरी मार्ग अकलेरा रोड पर व्यापारी मुरली मनोहर गोयल से बदमाशों ने घात लगाकर मारपीट की और रुपये तथा मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर थाना मनोहरथाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थानाधिकारी नंद किशोर वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान अकलेरा निवासी 21 वर्षीय शुभम उर्फ कलर, 22 वर्षीय सुमेर उर्फ सनी और 25 वर्षीय नरेश यादव के रूप में हुई है।
इस केस को सुलझाने में कांस्टेबल जितेंद्र सिंह की भूमिका अहम रही। वह पहले भी मनोहरथाना थाना क्षेत्र में दर्जनों लूट, चोरी, नकबजनी और अपहरण जैसे मामलों को सुलझा चुके हैं। उनकी सतर्कता और अनुभव ने एक बार फिर अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।













