
मऊगंज। निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) शिक्षक रमेश साकेत के विरुद्ध प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए उनके निलंबन का प्रस्ताव कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन को भेज दिया है।
अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मऊगंज द्वारा यह कार्रवाई मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लेने और समय पर दायित्व का निर्वहन सुनिश्चित करने की दिशा में की गई है। जानकारी के अनुसार, निर्वाचन कार्यालय की ओर से रमेश साकेत को मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत मैपिंग कार्य के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। प्रशासन द्वारा यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी मैपिंग और पुनरीक्षण प्रक्रिया के आधार पर वोटर लिस्ट की शुद्धता सुनिश्चित होती है। हालांकि, आदेश के बावजूद संबंधित बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में लिखित एवं मौखिक निर्देश भी दिए थे, लेकिन बीएलओ की ओर से कोई सहयोग या उपस्थिति नहीं दी गई। इसी के चलते, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने उनके निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर को प्रेषित किया है। लोकतांत्रिक प्रणाली में मतदाता सूची के कार्य को अत्यंत संवेदनशील और अत्यावश्यक माना जाता है। ऐसे में अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी निभाने में चूक करने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।













