मऊगंज का बहुती जलप्रपात बना पर्यटकों का आकर्षण, लखनऊ से पहुंचा बाइकर्स ग्रुप

मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले का बहुती जलप्रपात इन दिनों पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है। ओड्डा और सेलार नदी पर स्थित यह भव्य झरना तमसा की सहायक नदी में गिरता है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 198 मीटर यानी करीब 650 फीट की ऊंचाई से गिरने वाला यह जलप्रपात प्रदेश का सबसे ऊंचा झरना माना जाता है।

बरसात के मौसम में बहुती जलप्रपात का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है। इसकी जलधारा का वेग इतना प्रबल होता है कि सौ मीटर दूर तक इसकी फुहारें महसूस की जा सकती हैं। जुलाई से लेकर नवंबर तक का समय यहां पर्यटकों के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है, जब हजारों लोग इस प्राकृतिक धरोहर को निहारने पहुंचते हैं।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को लखनऊ से लेजी थॉटन मोटरसाइकिल ग्रुप के 15 सदस्य तिरंगा लेकर बहुती जलप्रपात पहुंचे। टीम प्रोवाइडर सुरभि दत्त ने जानकारी दी कि उनका ग्रुप हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर किसी न किसी राज्य की यात्रा करता है। इस बार उन्होंने मध्यप्रदेश से यात्रा की शुरुआत की।

तीन दिन की इस रोमांचक यात्रा के दौरान टीम ने क्योटी, चचाई और पूर्वा जलप्रपात का भी दौरा किया। बाइकर्स ने बहुती जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता को अपनी उम्मीदों से कहीं अधिक बताया। उन्होंने कहा कि यहां की घनी हरियाली, खेत-खलिहान और नदी की कल-कल बहती धाराएं इस स्थल को अद्भुत और विशिष्ट बनाती हैं।

इस बाइकर टीम में सुरभि दत्त, अमित दुबे, कासिम खान, गौरांग सिक्का, ईशान वर्मा, आदित्य वर्मा, अमित दीक्षित, अरुण विजय सिंह, पवन ठाकुर, भास्कर सोनी, अंकित सचान, अब्दुल खान, मयंक त्रिपाठी, नितिन पांडे और सीपी पांडे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें