
मऊगंज। नवगठित मऊगंज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत ने एक नाबालिग को गलत रास्ते पर धकेल दिया। मऊगंज थाना क्षेत्र के मधागांव में रहने वाली 16 वर्षीय लड़की ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें वह जहरीला पदार्थ खाने का नाटक करती नजर आई। वीडियो देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने इसे सुसाइड अटेम्प्ट मानकर तुरंत पुलिस अधीक्षक को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रेस की और बिना समय गंवाए टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लड़की को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह हैरान कर देने वाला था। लड़की ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ नहीं बल्कि सिर्फ नमक खाया था। उसका मकसद खुदकुशी करना नहीं बल्कि सनसनीखेज वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल होना था।
इस हरकत पर मौके पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी ने नाबालिग को कड़ी समझाइश दी और बताया कि इस तरह के खतरनाक वीडियो कितने गलत और नुकसानदेह हो सकते हैं। लड़की को समझाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया की अंधी दौड़ और लाइक्स-फॉलोअर्स के चक्कर में बच्चों पर पड़ रहे नकारात्मक असर को उजागर करती है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय
इस पूरे मामले में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना हो रही है। समय रहते की गई कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया और एक नाबालिग को सही दिशा दिखाई। यह घटना समाज के लिए चेतावनी है कि अभिभावक अपने बच्चों पर सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर नजर रखें और उन्हें सुरक्षित व रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करें।













