
रीवा जिले में शनिवार की देर रात रानी तालाब के पास स्थित बसोर बस्ती में दो समुदायों के बीच शराब पीने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस झगड़े में करीब 4 से 5 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और जगह-जगह ईंट-पत्थर के साथ टूटी हुई शराब की बोतलें बिखरी नजर आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों समुदाय — कुचवधिया और बंसल समाज — लंबे समय से एक ही मोहल्ले में रहते हैं। बीती रात कई लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी छोटी सी बात पर दो लोगों में बहस हो गई। विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और मोहल्ले के दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
संघर्ष के दौरान पत्थरों और शराब की बोतलों की जमकर बरसात हुई। अवैध हथियार भी लहराए गए। मोहल्ले का माहौल दंगाई रूप में बदल गया। तनाव के चलते एक पक्ष सीधे सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाने लगा।
सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में बदल गया। रीवा के सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि फिलहाल स्थिति शांत है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।













