
रीवा – जिले के गुढ़ थाना अंतर्गत ग्राम दुआरी में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। टंकी टोला यादव बस्ती के पास, गाँव के मुख्य मार्ग पर एक युवक ने गर्भवती गाय को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे विष्णु लोनिया नामक युवक ने श्यामाचरण पटेल की गाय को लाठी-डंडों से लगातार मारना शुरू कर दिया। मार की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही देर में गाय गिर गई और उसके मुँह से झाग निकलने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक का दिल नहीं पसीजा। वह तब तक वार करता रहा जब तक गाय की सांस पूरी तरह थम नहीं गई।
घटना की सूचना तुरंत गुढ़ थाना पुलिस और डायल 100 को दी गई। मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य न केवल कानून के खिलाफ है बल्कि मानवीय संवेदनाओं के भी खिलाफ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके में रोष का माहौल बना दिया है, और लोग आरोपी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













