
हनुमना नगर में इस बार हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन एक सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय संदेश के साथ अत्यंत भव्य रूप से संपन्न हुआ। स्थानीय स्वामी माधवाचार्य जी महाराज की तपस्थली धर्मशाला परिसर में वैश्य महासम्मेलन की महिला इकाई द्वारा आयोजित इस उत्सव में महिलाओं और बच्चियों ने न केवल पारंपरिक उत्सव का आनंद उठाया, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को भी बखूबी निभाया।
मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष शैलजा गुप्ता, संध्या तोमर तथा एम सी ग्लोबल स्कूल की प्राचार्य प्रिया केसरी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संयोजन वैश्य महासम्मेलन की महिला इकाई की जिला महामंत्री प्रीति गुप्ता ने किया।
दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ हुए इस आयोजन में आरंभिक शुभारंभ माता लक्ष्मी के विग्रह के समक्ष दीप प्रज्वलन और वृक्षारोपण के साथ किया गया। वृक्षारोपण की शुरुआत एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी के हाथों हुई। इस पवित्र क्षण में नारी शक्ति की पर्यावरण के प्रति जागरूकता का सशक्त उदाहरण देखने को मिला।
महोत्सव में विविध रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चियों ने विशेष उत्साह से भाग लिया। चेयर राउंड गेम में सीमा गुप्ता विजेता रहीं, बैलून बेलन राउंड में आरती गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं ‘थोथा चना चूड़ी’ गेम में वंदना गुप्ता ने बाजी मारी। छोटी बच्चियों के लिए बिस्किट गेम, रैंप वॉक जैसे कई कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने।
मुख्य अतिथि एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी ने अपने वक्तव्य में कहा, “हरियाली तीज न केवल एक पर्व है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण का संदेश देने वाला सांस्कृतिक उत्सव है। आज महिलाओं ने न सिर्फ पारंपरिक रीति से त्योहार मनाया, बल्कि वृक्षारोपण कर यह सिद्ध किया कि पर्यावरणीय संतुलन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
विशिष्ट अतिथि शैलजा गुप्ता ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज जब प्राकृतिक संकटों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में नारी शक्ति की ऐसी पहलें समाज को नई दिशा देती हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार संपत्ति दास गुप्ता ने कहा, “हमारी सनातन संस्कृति हमें सर्वे भवन्तु सुखिनः के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। हरियाली तीज के साथ वृक्षारोपण को जोड़ना हमारी सांस्कृतिक समझ और समर्पण का प्रतीक है।”
कार्यक्रम का संचालन स्वयं संयोजक प्रीति गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन विगत वर्ष से प्रारंभ हुआ था, और इस वर्ष भारी बारिश के बावजूद महिलाओं की बड़ी उपस्थिति उनके उत्साह और समर्पण का प्रमाण है।
कार्यक्रम में हेमा गुप्ता, श्रद्धा केसरी, पूजा गुप्ता, प्रिया केसरी, निमिषा केसरी, शिखा केसरी, दीपिका गुप्ता, रागिनी केसरी, बबीता गुप्ता, स्वेता केसरी, गोल्डन केसरी एवं शकुंतला केसरी की सक्रिय भागीदारी भी सराहनीय रही।













