“स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी निष्ठा और समर्पण से सुनिश्चित करें – कलेक्टर संजय कुमार जैन”

मऊगंज। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और गरिमा को बनाए रखते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित टीएल बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह पर्व सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 अगस्त के आयोजन में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिला स्तरीय समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में पारंपरिक और हर्षोल्लास के साथ संपन्न होगा। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वजारोहण, मंच व्यवस्था, अतिथियों और आम नागरिकों के लिए बैठक आदि सभी व्यवस्थाएं सुसंगठित और सुदृढ़ हों।

कलेक्टर ने नगर पंचायतों, विकासखण्डों, ग्राम पंचायतों और सभी शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित करने को भी अनिवार्य बताया। इस दिन बहुती जलप्रपात क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, साथ ही विद्यालयों में विशेष मध्यान्ह भोजन का प्रबंध किया जाएगा।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन और टीएल पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि लंबित शिकायतों को अधिकारी स्वयं संज्ञान में लेकर शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। 50 दिन से अधिक लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने बहुती जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थल पर पौधारोपण को और अधिक व्यापक बनाने के निर्देश दिए, साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए मजबूत उपायों को लागू करने की बात भी कही।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत के सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें