
रीवा | भारतीय सर्व सेवा संगठन की रीवा इकाई से निकले युवा और तेजतर्रार नेता अमित गोस्वामी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के प्रदेश नेतृत्व ने गोस्वामी के कुशल नेतृत्व और जनसेवा के निरंतर प्रयासों को देखते हुए उन्हें प्रदेश महासचिव पद की कमान सौंपी है। साथ ही, उन्हें प्रदेश प्रवक्ता का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यह नियुक्ति संगठन के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष बालेंद्र तिवारी द्वारा वरिष्ठ पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से की गई। पिछले छह वर्षों से संगठन के विभिन्न पदों पर रहते हुए अमित गोस्वामी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया है। आम जनता की सेवा, कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव और नीतिगत सक्रियता उनकी पहचान रही है। उनके समर्पण और सादगीपूर्ण व्यवहार के कारण वे युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। लेकिन, उनके प्रदेश महासचिव बनने के साथ ही रीवा जिला अध्यक्ष का पद अब खाली हो गया है। ऐसे में संगठन के अंदरखाने में हलचल तेज हो गई है। कई पुराने और नए कार्यकर्ताओं ने इस पद के लिए अपनी दावेदारी शुरू कर दी है। संगठन के भीतर अब इस बात को लेकर चर्चाएं गर्म हैं कि अगला रीवा जिला अध्यक्ष कौन होगा? अब सबकी निगाहें प्रदेश नेतृत्व की ओर हैं कि वो किसे यह अहम जिम्मेदारी सौंपते हैं। क्योंकि रीवा इकाई का नेतृत्व न केवल संगठन की नींव को मजबूत करता है, बल्कि आने वाले समय में प्रदेश नेतृत्व की दिशा और दशा भी तय कर सकता है। फिलहाल इतना तय है कि अमित गोस्वामी की यह तरक्की न सिर्फ संगठन के लिए बड़ी बात है, बल्कि रीवा के कार्यकर्ताओं के लिए भी एक प्रेरणा बन सकती है कि मेहनत और लगन से संगठन में शीर्ष पद भी हासिल किए जा सकते हैं।













