प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन का खौफनाक डेब्यू; पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर प्रफुल्ल ने रचा इतिहास, राजस्थान की पहली हार

हैदराबाद। आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने वो कर दिखाया जिसकी उम्मीद शायद राजस्थान रॉयल्स (RR) ने सपने में भी नहीं की थी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम को हैदराबाद के नए सितारों— प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने ऐसा सबक सिखाया कि राजस्थान का विजयी रथ बीच मैदान में ही ढेर हो गया।
प्रफुल्ल हिंगे: एक ओवर में इतिहास बदल दिया हैदराबाद से मिले 217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत किसी डरावने सपने जैसी रही। डेब्यू मैच खेल रहे प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में इतिहास रच दिया। उन्होंने मैच की दूसरी ही गेंद पर इन-फॉर्म बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को चलता किया, फिर ध्रुव जुरेल को आउट किया और आखिरी गेंद पर लुआन-द्रे प्रेटोरियस का विकेट लेकर सनसनी फैला दी। प्रफुल्ल आईपीएल इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने डेब्यू मैच के पहले ही ओवर में 3 विकेट झटके।
ईशान किशन का तूफ़ान: शतक से चूके पर राजस्थान को धोया इससे पहले बैटिंग करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद ईशान किशन का बल्ला आग उगलने लगा। ईशान ने महज 44 गेंदों में 8 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 91 रनों की विस्फोटक पारी खेली। क्लासेन (40) और नीतीश रेड्डी (28) के कैमियो की बदौलत हैदराबाद ने 216 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।
साकिब हुसैन की ‘चौकड़ी’ ने तोड़ी राजस्थान की कमर लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम एक समय मात्र 9 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी। हालांकि, रवींद्र जडेजा और डॉनोवन फ़रेरा के बीच 118 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे डेब्यू स्टार साकिब हुसैन ने इस साझेदारी को तोड़कर राजस्थान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साकिब ने भी 4 विकेट लेकर राजस्थान को 159 रनों पर समेट दिया।












