
रीवा। शहर में अवैध जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में अमहिया थाना पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से नगद राशि और ताश के पत्ते भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक डॉ रितु उपाध्याय के मार्गदर्शन में अमहिया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवा अग्रवाल ने थाना स्टाफ के साथ मिलकर कार्रवाई की।
पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गल्ला मंडी अमहिया में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर जुआ खेलते हुए 8 लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम अमित मिश्रा, कमलेश सिंह वैश्य, मोहम्मद असलम, मोहम्मद शहीद अंसारी, पुरुषोत्तम दास गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता, रामलाल सोनी और सरजीत प्रसाद साकेत बताए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी लेकर जुआ फड़ से कुल ₹7300 नगद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। पूरी कार्रवाई की वीडियो ग्राफी भी कराई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
चूंकि इस प्रकरण में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान है, इसलिए आरोपियों को धारा 35 (ग) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के साथ प्रधान आरक्षक केमला प्रजापति, आरक्षक कौशलेंद्र सिंह परिहार, आरक्षक शंकर दत्त जायसवाल, आरक्षक दिवाकर तिवारी और आरक्षक शिवाकांत शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













