विधायक कप 2026: डिघवार XI की धमाकेदार जीत, तमरी 51 पर ढेर

अरुण लाउरी के तूफानी अर्धशतक और मोनू-शिवम की घातक गेंदबाजी से गूंजा लेदवानाथ स्टेडियम

मऊगंज। खेल, जोश और रोमांच के महाकुंभ ‘विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026’ का भव्य शुभारंभ लेदवानाथ क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में डिघवार XI ने आर.एन. क्लब तमरी को 126 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राहुल गौतम रहे, जिन्होंने टॉस कराकर, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया और युवाओं को खेल भावना, अनुशासन व मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डिघवार XI की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। स्टार बल्लेबाज अरुण लाउरी ने लेदवानाथ स्टेडियम में मानो तूफान ला दिया। उन्होंने मात्र 26 गेंदों में 4 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से शानदार अर्धशतक जड़ा, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। उनके साथ काली ने 22 रन और विजय ने 20 रनों का उपयोगी योगदान दिया। पूरी टीम 19.3 ओवरों में 177 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंची। आर.एन. क्लब तमरी की ओर से राजू तिवारी ने 4 विकेट झटके, लेकिन डिघवार की रनगति पर लगाम नहीं लगा सके।

178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर.एन. क्लब तमरी की टीम डिघवार XI के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। मोनू वर्मा और शिवम ने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट चटकाए और तमरी की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पूरी टीम महज 10.4 ओवरों में 51 रनों पर सिमट गई। इस तरह डिघवार XI ने 126 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज़ किया।

मैच के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम के साथ आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल प्रेमी मौजूद रहे। पूरे मुकाबले में स्टेडियम तालियों और नारों से गूंजता रहा, जिससे विधायक कप का पहला दिन यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें