
मऊगंज जिले के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से राज्य शासन ने जिला विकास समिति का गठन कर दिया है। इस महत्वपूर्ण समिति की कमान स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपी गई है, जो जिले के विकास कार्यों की उच्चस्तरीय निगरानी और दिशा निर्धारण करेंगे। इस समिति के गठन से मऊगंज में विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिले के प्रभारी मंत्री एवं पशुपालन तथा डेयरी विकास मंत्री श्री लखन पटेल को समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कलेक्टर मऊगंज श्री संजय कुमार जैन ने जानकारी दी कि समिति में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को भी महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है। जिनमें सांसद श्री जनार्दन मिश्र, देवतालाब विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम, मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके साथ ही जनपद पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को भी समिति में स्थान दिया गया है। इनमें जनपद अध्यक्ष मऊगंज श्रीमती नीलम सिंह, जनपद अध्यक्ष हनुमना श्री गोविंद नारायण तिवारी तथा जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी श्रीमती ममता कुंज विहारी तिवारी शामिल हैं। यह संरचना समिति को जमीन स्तर तक मजबूत बनाती है।
कलेक्टर ने बताया कि समिति में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से 20 सदस्यों को प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया है, जिनसे विकास योजना को जनभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। इनमें श्री राजेन्द्र मिश्रा, श्री दीपक गुप्ता, श्री रामनिवास कुशवाहा, श्री श्रवण गुप्ता, श्री रामचन्द्र गुप्ता, श्री प्रदीप पटेल, श्री रामलखन यादव, श्री रामपाल सिंह के साथ-साथ श्रीमती सुनीता पटेल, श्री अवध बिहारी पाण्डेय, श्री ब्रम्हप्रकाश शुक्ला, श्री देवेन्द्रनाथ पाण्डेय, श्री उमेश कुशवाहा, श्री मुनीन्द्र प्रसाद मिश्रा, श्री श्रीनिवास त्रिपाठी, श्री प्रभाशंकर पाठक, श्री रमानिवास पाण्डेय, श्री अरविंद पटेल, श्री बिहारीलाल कोल तथा श्री संतोष गुप्ता शामिल हैं।
कलेक्टर मऊगंज समिति के पदेन सदस्य सचिव होंगे और समस्त प्रशासनिक समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे। मुख्यमंत्री की अगुआई में यह समिति जिले के विकास से जुड़े सभी वर्गों से सुझाव प्राप्त कर समग्र विकास कार्ययोजना तैयार करेगी। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग भी करेगी।













