
रीवा। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों द्वारा लगातार लापरवाही बरतने और बिना हेलमेट चलाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए रीवा पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी अनीमा शर्मा कर रही हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौराहों पर पुलिस टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं।
यातायात प्रभारी अनीमा शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान हर दोपहिया वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस सिर्फ गाड़ी के कागजात की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों ने हेलमेट पहना है या नहीं। अभियान का उद्देश्य शहर में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
बीते दिन ही पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग लगाकर 72 मोटरसाइकिल चालकों पर चालानी कार्रवाई की। कई स्थानों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को मौके पर रोका गया, समझाइश दी गई और नियम विरुद्ध पाए जाने पर जुर्माना भी वसूला गया। पुलिस का कहना है कि चालान काटना उद्देश्य नहीं है, बल्कि लोगों में सुरक्षा की आदत विकसित कराना लक्ष्य है।
रीवा शहर के कॉलेज चौराहा, सर्किट हाउस तिराहा, पद्मधर पार्क, रेलवे स्टेशन रोड सहित अन्य प्रमुख जगहों पर पुलिस की टीमें तैनात हैं। चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में और सख़्ती के साथ जारी रहेगा। यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें और नियमों का पालन करें।













