
मैहर। आगामी ईद-मिलादुन्नबी और गणेश विसर्जन को लेकर मैहर कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, समाज प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में त्यौहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने साफ किया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी सदस्यों की सहमति से यह निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा और विसर्जन जुलूस केवल तय किए गए मार्ग से ही निकाले जाएंगे, ताकि यातायात और सुरक्षा पर किसी प्रकार का असर न पड़े।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डीजे/लाउडस्पीकर) के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय-सीमा का पालन अनिवार्य होगा। स्वच्छता व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी नगर पालिका और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से निभाएंगे। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी सतर्कता बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी प्रकार का भ्रम या तनाव पैदा न हो।
बैठक के अंत में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि सभी नागरिक भाईचारे और सौहार्द्र की मिसाल कायम करते हुए त्यौहार मनाएं और प्रशासन के साथ सहयोग करें, जिससे जिले का वातावरण शांति और सामंजस्यपूर्ण बना रहे।













