
रीवा, मध्यप्रदेश – कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के 16 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर “सीएससी दिवस” का संभाग स्तरीय आयोजन शुक्रवार को रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम तकनीक, सेवा और सशक्तिकरण के प्रतीक बने सीएससी संचालकों को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें जिले व संभाग के सैकड़ों वीएलई (CSC संचालक) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। सीएससी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि “गांव की डिजिटल रीढ़ बने सीएससी संचालकों ने सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाया है। यह केवल तकनीकी सेवा केंद्र नहीं बल्कि ग्रामीण भारत के परिवर्तन के वाहक हैं।” उन्होंने ग्राम स्तर पर संचालकों द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की खुले दिल से सराहना की।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद सिरमौर विधायक श्री दिव्यराज सिंह ने उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने महिला वीएलई को मंच से सम्मानित कर महिला सशक्तिकरण को नई ऊर्जा दी।

इस गरिमामयी आयोजन में पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य गीता मांझी, नगर निगम अध्यक्ष वेंकटेश पांडे, जिला सहकारी बैंक के सीईओ ज्ञानेंद्र पांडे, महिला बाल विकास विभाग के सहायक संचालक आशीष द्विवेदी, CSC राज्य कार्यालय से वरिष्ठ प्रबंधक आधार अनुराग सिंह, राज्य परियोजना प्रबंधक संकल्प सोनी, एवं टेली लॉ के राज्य समन्वयक भी मंच पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सतना जिला प्रबंधक सुशील मिश्रा, सीधी से वीरेंद्र प्रजापति और सिंगरौली से रणजीत सिंह ने सीएससी द्वारा संचालित सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी। मंच संचालन की जिम्मेदारी रविशंकर मिश्रा, विक्रम पांडेय और प्रफुल्ल तिवारी ने कुशलता से निभाई।कार्यक्रम में करीब 500 से अधिक सीएससी संचालकों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण थी कि कैसे डिजिटल क्रांति अब गांव-गांव में मजबूती से जड़ें जमा चुकी है।













