
मऊगंज, मध्यप्रदेश- जनपद शिक्षा केंद्र मऊगंज में आज दिनांक 14 जुलाई 2025 को दिव्यांग बच्चों के लिए एक गरिमामय उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा केंद्र रीवा के निर्देशानुसार संपन्न हुआ, जिसमें समावेशी शिक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि एवं अखिल भारतीय वैश्य केसरवानी समाज के जिला अध्यक्ष श्री सुलेद्र गुप्ता जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने करकमलों से दीप जलाकर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिला शिक्षा केंद्र रीवा से एपीसी (आईईडी) श्रीमती दिव्या झा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुबगमा कुर्मियांन की प्राचार्य एवं जबलपुर से एलिमको टीम के अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वयन बीआरसी श्री शिव कुमार रजक के नेतृत्व में सफलतापूर्वक हुआ, जिसमें कार्यालय के राजीव द्विवेदी, राजेंद्र प्रसाद निरत, धर्मेंद्र सिंह (बीएसी), राजेश सिंह (NILP समन्वयक), स्वाति सोनी पटेल (MIS), नीरज तिवारी (MRC), रावेन्द्र तिवारी, रवि चतुर्वेदी, शैलेंद्र मिश्र, शेषमणि साकेत, विनोद पांडे, रमेश द्विवेदी, दिनेश पटेल, संतोष तिवारी, राजेंद्र मिश्रा, राम शिरोमणि साकेत, सुंदरलाल भारतीय सहित अन्य जन शिक्षक भी पूरे समय सक्रिय भूमिका में नजर आए।

विकासखंड मऊगंज के अंतर्गत 48 दिव्यांग बच्चों का चयन किया गया था, जिन्हें उनकी विशेष आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें ट्राईसाईकिल, व्हील चेयर, हियरिंग एड, सी.पी. चेयर, मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों की विशेष किट एवं ब्रेल किट शामिल रहीं। वितरण के साथ-साथ सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को इन उपकरणों के उपयोग एवं रख-रखाव की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी लाभान्वित छात्र-छात्राओं को स्वरुचि भोजन कराया गया और आने-जाने हेतु किराया भी प्रदान किया गया, जिससे हर प्रतिभागी सम्मान और आत्मसम्मान के साथ कार्यक्रम से विदा हो सके। यह आयोजन न सिर्फ दिव्यांग बच्चों के लिए वरदान साबित हुआ, बल्कि समाज को यह संदेश भी मिला कि शिक्षा और सुविधा हर बच्चे का अधिकार है – चाहे वह किसी भी शारीरिक परिस्थिति में हो।













