
मऊगंज-हनुमना क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ एक सशक्त अभियान चलाते हुए वृत्त मऊगंज के कई गांवों में छापेमारी की। इस कार्रवाई में ग्राम अमहटा, जडकुड़, नानकवार, झरी, नउनकल सहित अन्य स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। इस अभियान के तहत ग्राम अमहटा में सोन कली सिंह के मकान से 26 पाव जिप्सी व्हिस्की जब्त की गई, वहीं ग्राम जडकुड़ में अर्चना गोड़ के घर से 26 केन पावर कूल बीयर, शिवकुमार पटेल के घर से 24 केन, अब्बास अली के घर से 26 केन और रामकुशल यादव के मकान से 48 केन पावर कूल बीयर के साथ 50 पाव जीनियस व्हिस्की बरामद हुई। ग्राम नानकवार में दिनेश शाहू के मकान से 12 पाव जिप्सी व्हिस्की और सीमा गुप्ता के घर से 27 केन पावर कूल बीयर, अमृत गुप्ता के मकान से 24 केन बीयर भी जब्त की गई। इसके अलावा ग्राम झरी में आदित्य यादव के मकान से 15 लीटर हाथ भट्टी और ग्राम नउनकल में सरोज बसोर के मकान से 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। कुल मिलाकर 11 मामलों में 198 केन पावर कूल बीयर, 48 पाव जिप्सी व्हिस्की, 50 पाव जीनियस व्हिस्की, 10 पाव सादा शराब और 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹48,640 बताई गई है। सहायक आबकारी आयुक्त रीवा ने बताया कि अवैध मदिरा के परिवहन, निर्माण और विक्रय के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस तरह के कृत्यों को बख्शा नहीं जाएगा। इस महत्वपूर्ण अभियान में उड़नदस्ता प्रभारी अखिलेश्वर सिंह ठाकुर, मुख्य आरक्षक रमागोविंद सिंह, आरक्षक वेदप्रकाश तिवारी, संगीता द्विवेदी, विद्या सिंह, अखिलेश शुक्ला, अतुल बागरी, आदित्य सिंह, आशीष गुप्ता, शुभम द्विवेदी, और नगर सैनिक मनोज दुबे व राजेंद्र मिश्रा की अहम भूमिका रही।













