
भोपाल।मध्यप्रदेश में पुलिस प्रशासन को लेकर राज्य शासन ने बड़ा फेरबदल किया है। रविवार को जारी तबादला आदेश के तहत10 आईपीएस अधिकारियों और 127 राज्य पुलिस सेवा (SPS) अधिकारियों समेत कुल 137 पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। तबादलों के बाद कई जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।नई सूची में सहायक पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), एसडीओपी, उप पुलिस अधीक्षक और सहायक सेनानी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। तबादला आदेश में 2023 और 2024 बैच के आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
2023 बैच के आईपीएस अधिकारियों को मिली नई पोस्टिंग
तबादला सूची के अनुसार 2023 बैच के आईपीएस अधिकारियों में मनीष भारद्वाज को डीएसपी साइबर से एसीपी इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आलोक कुमार वर्मा को सहायक पुलिस अधीक्षक देवास के पद से स्थानांतरित कर सीएसपी रीवा बनाया गया है। इसी बैच के वैभव प्रिया को सहायक पुलिस अधीक्षक रतलाम से एसडीओपी नेपानगर पदस्थ किया गया है। शुभम सिंह ठाकुर को सहायक पुलिस अधीक्षक जबलपुर से एसडीओपी गाडरवारा और मनोज कुमार को सहायक पुलिस अधीक्षक ग्वालियर से एसीपी भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2024 बैच के आईपीएस अधिकारियों में भी बदलाव
2024 बैच के अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। लेखराज मीना को सहायक पुलिस अधीक्षक छतरपुर से एसडीओपी सैलाना भेजा गया है, जबकि काजल सिंह को सहायक पुलिस अधीक्षक उज्जैन से एसडीओपी खुरई, सागर पदस्थ किया गया है। वहीं राजीव अग्रवाल, जो अब तक सहायक पुलिस अधीक्षक रीवा के पद पर थे, उन्हें एसडीओपी कुक्षी, धार की जिम्मेदारी दी गई है। दीपांशु को सहायक पुलिस अधीक्षक सागर से एसडीओपी मनावर, धार तथा अमित कुमार को सहायक पुलिस अधीक्षक खंडवा से एसडीओपी सिंगरौली पदस्थ किया गया है।
रीवा में भी बदली पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी
तबादला सूची में रीवा का भी उल्लेखनीय स्थान रहा। सहायक पुलिस अधीक्षक रीवा के पद पर कार्यरत राजीव अग्रवाल का स्थानांतरण एसडीओपी कुक्षी, धार के रूप में किया गया है। वहीं 2023 बैच के आईपीएस आलोक कुमार वर्मा को सीएसपी रीवा की जिम्मेदारी दी गई है।
127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों का भी तबादला
आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। इन अधिकारियों में पुलिस मुख्यालय, विभिन्न जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारी शामिल हैं। इसी क्रम में रजनीश काश्यप को सहायक पुलिस आयुक्त मिसरोद के पद से हटाकर उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय पदस्थ किया गया है। कुल मिलाकर पुलिस विभाग में किए गए इस व्यापक फेरबदल से प्रदेश के कई जिलों और शहरी पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारी अपने-अपने नए कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी संभालेंगे।













