लंबित शिकायतों पर कलेक्टर संजय कुमार जैन सख्त, निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेगा नोटिस

मऊगंज। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों और आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत किया जाए और अनावश्यक रूप से लंबित मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। बैठक में जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आगामी जन विश्वास शिविर से पहले लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदक की संतुष्टि को भी ध्यान में रखा जाए।

बिना उचित कारण लंबित मामलों पर होगी कार्रवाई

पिछले जन विश्वास कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान ऐसे प्रकरण सामने आए जो पर्याप्त कारण के अभाव में लंबित हैं। कलेक्टर ने ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि अगला जन विश्वास शिविर शुक्रवार को नगर परिषद मऊगंज में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए।

खाद वितरण और राजस्व मामलों पर भी निर्देश

बैठक के दौरान जिले में खाद की उपलब्धता और रैक की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को किसानों को खाद के सुचारू वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भूमि सर्वेक्षण से जुड़े मामलों की रिपोर्ट शीघ्र भेजने, भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा करने तथा नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा से संबंधित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा गया। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को समग्र ई-केवायसी का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।

कई विभागों की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा

कलेक्टर ने राजस्व, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, नगरीय विकास, जल संसाधन, कृषि तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित शिकायतों पर भी संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों की भी हुई समीक्षा

बैठक में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत लंबित और स्वीकृत प्रकरणों की स्थिति भी देखी गई। कलेक्टर ने विभागवार लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें

Mauganj-नैकिनिया माता मंदिर चोरी ने खोल दी मऊगंज की सुरक्षा व्यवस्था की परतें! घंटियां और प्रतिमा की आंखें चोरी, रतनगवां के युवकों ने पकड़ा संदिग्ध; अब सवाल—क्या एक मंदिर की चोरी से खुलेगा पूरे जिले की चोरियों का राज?