
रीवा। चोरहटा थाना क्षेत्र के दुआरी में मिले 28 वर्षीय इशरार खान उर्फ बब्बू के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे एक महिला से प्रेम संबंध को लेकर विवाद सामने आया है।
26 अगस्त से लापता था युवक
पुलिस के मुताबिक दुआरी निवासी इशरार खान उर्फ बब्बू पिता महमूद खान 26 अगस्त से लापता था। दो दिन बाद, 28 अगस्त को उसका शव दुआरी नाले में मिला। इसके बाद चोरहटा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक युवक को संदेह के घेरे में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस के अनुसार मामले में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
एक ही महिला से प्रेम संबंध का दावा
एडिशनल एसपी भावना भारती के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि मृतक इशरार खान और गिरफ्तार आरोपी आशीष कोल के एक ही महिला से प्रेम संबंध थे। पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
बताया गया कि घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान प्रेम संबंध को लेकर विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से इशरार पर हमला किया और उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया।
नरसिंहपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष कोल पिता रामप्रसाद कोल, उम्र 29 वर्ष, निवासी नागरी, थाना करेली, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब छह वर्ष पहले रीवा आया था और यहां मजदूरी करता था। कुछ समय बाद वह रीवा से चला गया था, लेकिन हाल के दिनों में दोबारा यहां आया था।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
एडिशनल एसपी भावना भारती ने बताया कि मामले के खुलासे में चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम और नौबस्ता चौकी प्रभारी घनश्याम मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।













