मऊगंज में गैस सिलेंडर लीक होने से किराए के मकान में लगी भीषण आग, पूरी गृहस्थी जलकर राख

दीपक कुमार गुप्ता मऊगंज। जिला मुख्यालय में कलेक्ट्रेट के नजदीक बांराव रोड स्थित केशव कुंज के सामने मंगलवार, 5 अगस्त की सुबह एक किराए के मकान में गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसे में दो मोबाइल फोन भी आग की चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

गैस रिसाव के बाद तेजी से फैली आग

बताया गया कि सुबह के समय गैस रिसाव के बाद कमरे में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को घेर लिया। आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।

आग लगने की सूचना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की और संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

मकान में रखे थे सात गैस सिलेंडर

घटना को गंभीर इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि संबंधित भवन में कुल सात गैस सिलेंडर रखे होने की बात सामने आई है। इनमें से दो सिलेंडर उस समय चालू अवस्था में थे। इसके अलावा भवन परिसर में कई दोपहिया वाहन खड़े थे और आसपास अन्य परिवार भी किराए पर रह रहे थे।

ऐसे में यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। सिलेंडरों तक आग पहुंचने पर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड

घटना की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और फायर ब्रिगेड तथा पुलिस टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।

स्थानीय लोगों के साथ आर्मी फिजिकल एकेडमी के संचालक राजकुमार जायसवाल ने भी आग बुझाने में तत्परता दिखाई। समय रहते आग पर काबू पाने के साथ आसपास मौजूद दो चालू गैस सिलेंडरों को भी बंद कराया गया। इससे संभावित बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद मिली।

प्रशासन कर रहा घटना की जांच

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में गैस सिलेंडर से रिसाव को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। प्रशासनिक जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें

Mauganj-नैकिनिया माता मंदिर चोरी ने खोल दी मऊगंज की सुरक्षा व्यवस्था की परतें! घंटियां और प्रतिमा की आंखें चोरी, रतनगवां के युवकों ने पकड़ा संदिग्ध; अब सवाल—क्या एक मंदिर की चोरी से खुलेगा पूरे जिले की चोरियों का राज?