
मऊगंज हमारे बुजुर्ग सही कह गए हैं कि “सुशासन वही जो जनता के द्वार पर आसानी से न्याय और सुविधा पहुंचाए” और “सांचे को आंच नहीं!”— मऊगंज जिले को पूर्ण और समृद्ध जिला बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक व जनहितकारी कदम उठाते हुए जिला मुख्यालय पर बहुप्रतीक्षित अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम) का भव्य शुभारंभ कर दिया गया है! अब मऊगंज जिले के गरीब किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को अपने आवश्यक राजस्व, न्यायिक और शासकीय पुराने अभिलेख प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के दफ्तरों या रीवा के बार-बार चक्कर काटने से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण नागरिक सुविधा का औपचारिक शुभारंभ जिला न्यायाधीश श्री विवेक बुखारिया द्वारा किया गया, जहाँ मऊगंज के संवेदनशील कलेक्टर संजय कुमार जैन और दबंग व न्यायप्रिय पुलिस अधीक्षक (SP) सुरेंद्र कुमार जैन विशेष रूप से मौजूद रहे।
अभिलेखागार के शुरू होने से मऊगंज के नागरिकों के समय, श्रम और धन की भारी बचत होगी। अब हर छोटे-बड़े रिकॉर्ड जिला मुख्यालय पर ही चुटकियों में उपलब्ध हो जाएंगे, जिससे प्रकरणों के त्वरित निराकरण में अभूतपूर्व गति आएगी। शुभारंभ के इस खास मौके पर जिला न्यायाधीश श्री विवेक बुखारिया ने इसे नागरिक सुविधाओं की दिशा में मील का पत्थर बताया। वहीं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कड़े शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभिलेखों का संधारण पूरी पारदर्शिता व सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए ताकि आमजन को निर्धारित समय-सीमा के भीतर दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सकें। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था और त्वरित न्याय प्रणाली के रक्षक एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आवश्यक रिकॉर्ड की सहज उपलब्धता से आम जनता को अपने कानूनी व प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में अपार सुविधा मिलेगी। इस दौरान अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय और एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ‘इंडिया हेडलाइन 24’ जिला प्रशासन और न्यायपालिका की इस शानदार संयुक्त पहल का स्वागत करता है, जिससे मऊगंज की जनता को उनका हक अब सीधे जिला मुख्यालय पर ही सुलभता से मिल सकेगा!













