
कोलंबो (श्रीलंका) | आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत आज बेहद निराशाजनक रही। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला ‘ग्रुप-2’ का पहला मुकाबला भारी बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश और खराब आउटफील्ड के चलते अंपायरों ने टॉस के बाद मैच को आधिकारिक रूप से ‘बेनतीजा’ घोषित कर दिया।
टॉस जीता पर खेल नहीं शुरू हो सका
मैच में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टॉस के दौरान हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, लेकिन जैसे ही खिलाड़ी मैदान पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, बारिश तेज हो गई। अधिकारियों ने कट-ऑफ समय (रात 10:16 PM) तक इंतजार किया कि शायद 5-5 ओवर का मैच हो सके, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।
दोनों टीमों को मिले 1-1 अंक
मैच रद्द होने के कारण पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा। सुपर-8 में कोई ‘रिजर्व डे’ (अतिरिक्त दिन) नहीं रखा गया है, जिसके चलते दोनों टीमों की सेमीफाइनल की राह अब थोड़ी कठिन हो गई है। अब इन दोनों टीमों को अपने अगले मुकाबलों में इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
अगला मुकाबला कब?
-
पाकिस्तान का अगला मैच 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कैंडी में होगा।
-
न्यूजीलैंड की टीम 25 फरवरी को मेजबान श्रीलंका से भिड़ेगी।













