
रीवा | मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए वर्ष 2026-27 के बजट को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताया है। उन्होंने इस बजट को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने वाला एक ठोस और निर्णायक कदम करार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी सरकार की सराहना की है।
डबल इंजन सरकार से मिली विकास को रफ्तार
संजय द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश ‘डबल इंजन’ की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की किसान हितैषी सोच का जिक्र करते हुए कहा कि इस बजट में किसानों के कल्याण की निरंतरता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। यह बजट समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
नारी शक्ति, युवा और किसान केंद्र में
द्विवेदी ने बजट के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें ‘हर नारी को सम्मान, हर युवा को अवसर और हर किसान को संबल’ देने का अटूट संकल्प झलकता है। स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और बुनियादी ढांचे (सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य) पर विशेष निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई और सड़कों के विस्तार से गांव आत्मनिर्भर बनेंगे।
आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नई रूपरेखा
भाजपा नेता ने अंत में कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश के भविष्य की पटकथा है। यह बजट प्रदेश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने और जन-कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा।













