मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 जनवरी को बहरी आएंगे, 213 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहरी में 9 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक दिवसीय प्रवास प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सघन तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बहरी में आयोजित भव्य समारोह में कुल 213 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत से तैयार 714 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिक सीधे लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, रीवा संभाग के आयुक्त बी.एस. जामोद तथा पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने बहरी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच, पंडाल, साउंड सिस्टम, विद्युत व्यवस्था, आमजन के लिए बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

रीवा संभागायुक्त बी.एस. जामोद ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात प्रबंधन, वाहनों की पार्किंग और आमजन की सुगम आवाजाही के लिए स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंच व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि मंच पर केवल अधिकृत एवं सूचीबद्ध विशिष्ट व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो। साथ ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना को देखते हुए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, छाया, पेयजल, प्राथमिक उपचार, शौचालय और स्वच्छता से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौसम को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक और आपात व्यवस्थाएँ तैयार रखने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने अब तक की गई तैयारियों, प्रस्तावित व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों को उनके दायित्व सौंप दिए गए हैं और तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा पूर्णतः सफल बनाया जा सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी मझौली विकास आनंद, सिहावल प्रिया पाठक, चुरहट एसडीएम शैलेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं अनुभाग स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले की सक्रियता और तैयारियों से स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें

Mauganj-नैकिनिया माता मंदिर चोरी ने खोल दी मऊगंज की सुरक्षा व्यवस्था की परतें! घंटियां और प्रतिमा की आंखें चोरी, रतनगवां के युवकों ने पकड़ा संदिग्ध; अब सवाल—क्या एक मंदिर की चोरी से खुलेगा पूरे जिले की चोरियों का राज?