
रीवा, मध्यप्रदेश: जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित स्वर्गीय मोहन सिंह गहरवार सीएम राइज विद्यालय, रघुराजगढ़ इन दिनों शिक्षा व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं के कारण चर्चा में है। विद्यालय में कई वर्षों से मनमानी और अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्थानीय शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार पांडेय पर छात्रों और अभिभावकों से फीस के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप है। जानकारी मिली है कि इस साल शिकायत दर्ज होने पर उन्होंने रकम वापस की, लेकिन इस क्रम की शिकायतें पिछले कई वर्षों से चली आ रही हैं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, पलिया सरपंच दामोदर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपा। इसमें जिला कलेक्टर, कमिश्नर, शिक्षा अधिकारी और अन्य शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को पत्र भेजकर जांच की मांग की गई।
जांच के बाद कलेक्टर ने स्कूल का निरीक्षण कर प्राचार्य और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को रघुराजगढ़ भेजा। जांच में यह पाया गया कि शिकायतें सही हैं। उपरांत प्राचार्य ने अपना विस्तृत प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी, रीवा को सौंप दिया।
सरपंच दामोदर सिंह ने कहा कि शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार पांडेय अभद्र व्यवहार करते थे, छात्रों से नामांकन और परिचय पत्र के नाम पर वसूली करते थे और उन्हें धमकाते थे कि अगर उन्होंने कुछ कहा तो परीक्षा में कम अंक दिए जाएंगे।
अब अभिभावक और स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार पांडेय को शीघ्र निलंबित किया जाए और उनके नियुक्ति पत्र की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में छात्रों और अभिभावकों के साथ ऐसी मनमानी न हो।
यह मामला अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई के तहत पूरी तरह संज्ञान में है और विद्यालय की संचालन व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।













