
मऊगंज। नगर के व्यापारी वर्ग के लिए ऐतिहासिक पल तब दर्ज हुआ जब मऊगंज व्यापारी संघ के चुनाव में ओम प्रकाश गुप्ता निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। नगर के सैकड़ों व्यापारियों ने एक स्वर में उनका समर्थन कर यह साबित कर दिया कि व्यापारी समाज एकजुट होकर मजबूत नेतृत्व की तलाश में है।
निर्णायक समिति द्वारा 10 मिनट का समय सदस्यों को अपनी राय रखने के लिए दिया गया, लेकिन जब कोई अन्य प्रत्याशी सामने नहीं आया तो डॉक्टर प्रमोद गुप्ता ने ओम प्रकाश गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी और निर्णायक समिति ने सर्वसम्मति से उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया।
व्यापारियों की उम्मीदें और चुनावी मुद्दे
ओम प्रकाश गुप्ता के निर्विरोध चुने जाने के बाद व्यापारियों में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है। व्यापारियों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए मुख्य मुद्दों को भी रखा—जैसे बढ़ते करों से राहत, दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था, बिजली बिलों का बोझ, नगर में पार्किंग की अव्यवस्था, सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर न मिलना और छोटे व्यापारियों के लिए विशेष सुविधाओं की मांग। व्यापारियों का कहना है कि संघ के नेतृत्व में इन मुद्दों को आवाज़ दी जानी चाहिए।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष का संकल्प
अपने उद्बोधन में ओम प्रकाश गुप्ता ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वे सबको साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा—“व्यापारी संघ सिर्फ एक संगठन नहीं बल्कि व्यापारियों की आवाज़ है। हमारी पहली प्राथमिकता होगी कि हर व्यापारी सुरक्षित रहे, उनकी दुकानें सुरक्षित रहें और व्यापार करने में किसी तरह की बाधा न आए। नगर की समस्याओं को जिला स्तर तक ले जाकर उनका समाधान करवाना ही मेरा उद्देश्य है।” उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग टैक्स चुकाता है, सरकार की रीढ़ है और अब समय आ गया है कि व्यापारी भी सम्मान और सुरक्षा के साथ काम करें। उन्होंने नगर की सड़कों, पार्किंग व्यवस्था और बाज़ार की सफाई को भी प्रमुख मुद्दा बताया।

कार्यक्रम में उपस्थिति
चुनाव कार्यक्रम में निवर्तमान व्यापारी संघ अध्यक्ष छेदीलाल गुप्ता, डॉक्टर प्रमोद गुप्ता, अखिल भारतीय केसरवानी वैश्य समाज जिला अध्यक्ष सुलेद्र गुप्ता समेत सैकड़ों व्यापारीगण उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर के गणमान्य व्यापारी जिनमें राजेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, रामपाल मोदी, शंकर लाल गुप्ता एडवोकेट, संतोष गुप्ता (एजेंसी), रामकृष्ण मोदी, संजय गुप्ता, संजू गुप्ता, सीताराम किराना, जवाहरलाल गुप्ता वैश्य नगर अध्यक्ष, निलेश गुप्ता, अमित गुप्ता, बसंत मोहते, संतोष अवधिया, संतोष भुजवा, रोहित गुप्ता, मोहित गुप्ता, मानिक लाल गुप्ता, मंगल चौरसिया, दिनेश चौरसिया, पवन सोनी, महेश गुप्ता, सुमित गुप्ता, राजेश सर्राफ, शिवम ताम्रकार, पुष्पेंद्र ताम्रकार और अन्य कई व्यापारी शामिल रहे।
सभा में व्यापारियों ने आशा जताई कि ओम प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में न सिर्फ व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होगा बल्कि मऊगंज नगर व्यापारिक गतिविधियों में एक नया मुकाम हासिल करेगा।













