
निवाड़ी जिले की पर्यटन नगरी ओरछा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बबेड़ी जंगल की करीब ढाई से तीन एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। कलेक्टर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में लंबे समय से कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों के पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को जमींदोज कर प्रशासन ने जमीन को वापस अपने नियंत्रण में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, जिस जमीन को मुक्त कराया गया है उसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। यह जमीन बबेड़ी जंगल क्षेत्र में स्थित है और सरकारी भूमि पर धीरे-धीरे पक्का निर्माण कर कब्जा कर लिया गया था। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद न केवल जमीन का कब्जा मुक्त हुआ बल्कि अतिक्रमणकारियों को भी कड़ा संदेश मिला है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पर्यटन नगरी ओरछा की छवि को बचाने और सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह के अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।













