
रीवा, मध्यप्रदेश – भारतीय जनता पार्टी के विधायक नरेंद्र प्रजापति एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मुस्लिम समुदाय के खिलाफ भड़काऊ बयान देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विधायक साफ तौर पर कहते सुने जा सकते हैं कि “मुस्लिम भाजपा को वोट नहीं देते।” इस वायरल वीडियो में प्रजापति एक मुस्लिम युवक से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान वे कहते हैं कि मुस्लिम समाज केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र शुक्ल और दिव्यराज सिंह को ही राजा मानता है और उन्हीं को वोट करता है। बाकी भाजपा नेताओं को यह समुदाय वोट नहीं करता, ऐसा आरोप विधायक ने खुले तौर पर लगाया। चौंकाने वाली बात यह रही कि बातचीत में शामिल मुस्लिम युवक ने साफ कहा कि उसने विधायक की मदद की और अपनी धार्मिक आस्था को भी नजरअंदाज कर समर्थन दिया, लेकिन अब उसी पर उंगली उठाई जा रही है। युवक ने विधायक से भावुक होकर पूछा – “जब मैंने आपका साथ दिया, फिर भी आप मुझे दोषी ठहरा रहे हैं?” बातचीत के अगले हिस्से में विधायक ने सतना सांसद चुनाव में हार का कारण भी मुस्लिमों को ही ठहरा दिया। उन्होंने कहा कि गणेश सिंह की हार नजीराबाद क्षेत्र में मुस्लिम बहुलता की वजह से हुई। इतना ही नहीं, विधायक ने यह भी कहा कि देवतालाब क्षेत्र में भाजपा को मुस्लिम वोट तब मिलते हैं जब मनगवां क्षेत्र से लोग आकर समझाते हैं। युवक ने अंत में साफ शब्दों में चेतावनी दी कि “जब भाजपा को वोट देने के बाद भी विधायक जैसे लोग कहेंगे कि हमने वोट नहीं दिया, तो मजबूरी में कुछ और करना पड़ेगा।” यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है और इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वीडियो के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है और आम जनता से लेकर विपक्षी दलों तक, हर कोई इस बयान पर भाजपा से जवाब मांग रहा है।फिलहाल भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन यह वीडियो न सिर्फ पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा को असहज कर रहा है, बल्कि आगामी चुनावों में छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।













