
सीधी, मध्यप्रदेश | मध्यप्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत ऐठी के कररी कांडीकला गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सिस्टम की पोल खोल दी। 28 वर्षीय संगीता सिंह, पत्नी राजबहादुर सिंह, की मौत एक ज़हरीले सांप के काटने से हो गई — लेकिन उसकी असली वजह सिर्फ सांप नहीं, गांव में स्वास्थ्य और परिवहन की घोर कमी थी। घटना 9 जुलाई की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है, जब संगीता अपने कच्चे मकान में सो रही थीं। तभी छप्पर से एक ज़हरीला सांप नीचे गिरा और उसने उन्हें डस लिया। परिजनों ने तुरंत इलाज की कोशिश की, लेकिन पास में न तो कोई अस्पताल, न कोई वाहन, और न ही कोई प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध थी। गांव की पथरीली और बारिश में कीचड़ से लथपथ सड़कों पर रात के समय किसी वाहन का पहुँचना लगभग नामुमकिन था। नतीजा ये हुआ कि संगीता की साँसे अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गईं। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हर साल बारिश के मौसम में सांप के काटने की घटनाएं होती हैं। लेकिन प्रशासन और शासन आज तक सिर्फ कागज़ी योजनाओं में ही सीमित रहा। जिस गांव से अस्पताल तक पहुंचने में कम से कम 1500 मीटर की दूरी है, वहाँ आज तक कोई सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या एंबुलेंस सुविधा नहीं पहुँची।ग्रामीणों ने प्रशासन से माँग की है कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को संगीता जैसी पीड़ा न सहनी पड़े।













