कलेक्टर मैहर का सख्त और सराहनीय निरीक्षण – कंदवारी छात्रावास को सराहा, सोनाडी में फटकार

मैहर -ज़मीनी हकीकत जानने जब कलेक्टर मैहर रानी बाटड आदिवासी अंचल रामनगर के भ्रमण पर निकलीं, तो सिर्फ तारीफ़ें नहीं बंटीं — कुछ जगहों पर तीखी फटकार भी सुनाई दी। सबसे पहले कलेक्टर पहुंचीं कंदवारी आदिवासी छात्रावास, जहाँ की व्यवस्थाएं देखकर वो प्रभावित हुईं। बच्चों को मीनू के अनुसार भोजन मिल रहा था, साफ-सफाई संतोषजनक थी और रहन-सहन की स्थिति भी बेहतर मिली। कलेक्टर ने अधीक्षक के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अगले बुधवार मैहर में आयोजित ट्राइबल छात्रावास अधीक्षकों की बैठक में शामिल होकर अन्य अधीक्षकों को प्रेरित करें। लेकिन यही प्रशंसा हर जगह नहीं बंटी। रामनगर के सोनाड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी छात्रावास में जब कलेक्टर अचानक पहुँचीं तो वहाँ की सफाई व्यवस्था देखकर उनका तेवर सख्त हो गया। उन्होंने अधीक्षक को साफ शब्दों में निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार हो वरना कार्रवाई तय है। उन्होंने छात्राओं से सीधी बात की और हास्टल की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर ने भमरहा स्थित आदिवासी बालक एवं बालिका आश्रम का भी निरीक्षण किया। यहाँ भी उन्होंने रहन-सहन, भोजन और सफाई की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के अंत में कलेक्टर ने सोनाड़ी आरोग्य मंदिर पहुंचकर वहाँ चल रहे दस्तक अभियान प्रशिक्षण की समीक्षा की। उन्होंने सीएचओ, आशा कार्यकर्ता, एएनएम से बातचीत कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें