
रीवा। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रीवा जिले की कोठी ग्राम पंचायत में अटल ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ जनपद पंचायत रीवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती पूनम दुबे के करकमलों से किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही और माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया। यह केंद्र ग्रामीण अंचल में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। शुभारंभ अवसर पर सीईओ श्रीमती दुबे ने कहा कि डिजिटल इंडिया के इस युग में शासन की सेवाओं को गाँव-गाँव तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है। अटल ई-सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीण अब अपनी जरूरत की सरकारी सेवाएँ — जैसे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेंशन, बिजली बिल भुगतान, आधार सेवाएँ, बैंकिंग, बीमा और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ — एक ही छत के नीचे प्राप्त कर सकेंगे।

सीएससी जिला प्रबंधक श्री रविशंकर मिश्रा ने बताया कि अटल ई-सेवा केंद्रों के संचालन हेतु ग्राम पंचायत भवन या ई-पंचायत कक्ष में स्थान उपलब्ध कराया गया है। बिजली की व्यवस्था ग्राम पंचायत की रहेगी, जबकि आवश्यक उपकरण जैसे टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, आईरिस और फिंगरप्रिंट डिवाइस की व्यवस्था वीएलई (Village Level Entrepreneur) स्वयं करेंगे। इन सेवाओं के लिए किसी प्रकार की अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य है — हर ग्रामीण को डिजिटल सेवाओं तक समान पहुँच प्रदान करना और शासन की पारदर्शी व्यवस्था को सशक्त बनाना। अब ग्रामीणों को किसी भी प्रमाण पत्र या सेवा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे न केवल उनका समय बचेगा बल्कि आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी।कार्यक्रम में जिला प्रबंधक सीएससी रवि शंकर मिश्रा, विक्रम पांडेय, ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अटल ई-सेवा केंद्र की स्थापना से गाँव में विकास और सुविधा दोनों का द्वार खुल गया है। यह पहल ग्राम स्तर पर डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी।













