अमरपाटन विधायक ने रेल लाइन स्वीकृति को लेकर सांसद को लिखा पत्र

मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वर्तमान अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने क्षेत्र की रेल सुविधा को लेकर बड़ी पहल की है। उन्होंने सतना सांसद गणेश सिंह को पत्र लिखते हुए मांग की है कि रामनगर होते हुए सीधी से सिंगरौली तक नई रेल लाइन को जोड़ा जाए। साथ ही उन्होंने दूसरी रेल लाइन उचेहरा से खरमसेड़ा होते हुए मुकुंदपुर और वहां से गोविंदगढ़ तक जोड़ने का भी प्रस्ताव रखा है।

विधायक डॉ. सिंह ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि इन रेल मार्गों की स्वीकृति से न केवल अमरपाटन बल्कि आसपास के इलाकों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र की आवाजाही सरल होगी, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और स्थानीय जनता को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि यह रेल लाइनें आपके संसदीय क्षेत्र और अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र दोनों के लिए अत्यंत हितकारी साबित होंगी। डॉ. सिंह ने उम्मीद जताई कि सांसद गणेश सिंह इस विषय को गंभीरता से लेकर केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के समक्ष मजबूती से प्रस्तुत करेंगे, जिससे जल्द ही क्षेत्रवासियों का यह सपना साकार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें