
मऊगंज जिले में मंगलवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने एक झटके में 42 पुलिस कर्मियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। यह कार्रवाई प्रभारी मंत्री की स्वीकृति और पुलिस महानिदेशक के निर्देश के बाद की गई है। तबादले की यह सूची सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। एसपी सोनी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित कर्मी तत्काल अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर जॉइन करें और इसकी सूचना मुख्यालय को दें।

प्रशासन का सख्त संदेश
यह कदम जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूती देने, विभाग में अनुशासन लाने और पुलिस कार्यशैली में सुधार के उद्देश्य से उठाया गया है। प्रशासन मानता है कि लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ पुलिसकर्मियों के कारण कई जगह शिकायतें बढ़ रही थीं, जिससे जनता का भरोसा डगमगाने लगा था। बीते कुछ महीनों से मऊगंज पुलिस पर कई सवाल खड़े हो रहे थे। कार्यप्रणाली को लेकर जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक ने असंतोष जताया था। इन हालातों को देखते हुए अब पुलिस महकमे को नए ढंग से व्यवस्थित करने की कोशिश की जा रही है।

जवाबदेही तय करने की तैयारी
सूत्रों की मानें तो एसपी दिलीप सोनी खुद पूरी तबादला प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं और आने वाले दिनों में काम के आधार पर और भी बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। जिन पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर संदेह है, उन्हें या तो लाइन अटैच किया गया है या दूरस्थ क्षेत्रों में भेजा गया है। प्रशासन के इस एक्शन से यह साफ संकेत गया है कि अब कोई भी ढीला रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि फेरबदल के बाद भी लापरवाही बरती गई, तो निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई भी हो सकती है।













