
मऊगंज। लेदवानाथ क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का रोमांच हर गुजरते दिन के साथ अपने चरम की ओर बढ़ता जा रहा है। दो सफल लीग मुकाबलों के बाद अब दर्शकों की निगाहें कल होने वाले तीसरे लीग मैच पर टिकी हैं, जिसमें क्षेत्र की दो मजबूत टीमें राधा वल्लभ 11 और गाजीपुर 11 आमने-सामने होंगी। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 22 जनवरी 2026, गुरुवार को दोपहर 12 बजे से खेला जाएगा।
ग्राम पंचायत फरहदा अंतर्गत लेदवा मंदिर के पास स्थित भव्य क्रिकेट मैदान में कल दोपहर से क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहेगा। दोनों टीमें बेहतरीन फॉर्म में हैं और टूर्नामेंट में अब तक के प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट प्रेमियों और पंडितों का मानना है कि यह मैच विधायक कप 2026 के सबसे कांटे और यादगार मुकाबलों में शामिल हो सकता है। मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात और रोमांचक गेंदबाज़ी का नज़ारा देखने को मिलेगा।
टूर्नामेंट की सभी तैयारियां आयोजन समिति द्वारा पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का सफल संचालन पिपराही सरपंच महेंद्र सिंह परिहार (जीनू) और पत्रकार दीपक गुप्ता (सोनू) के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन समिति में भूपेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, पप्पू कारपेंटर, नारायण एवं रविकांत पटेल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजकों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अनुशासित, निष्पक्ष और सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दीपक गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि मऊगंज की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मुकाबला विधायक कप के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा।













