
मऊगंज। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार की रात लोकतंत्र की रक्षा और जनजागरण के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया। यह यात्रा शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय से प्रारंभ होकर चाक मोड़ तक निकाली गई, जहां हजारों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।
इस यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना, पूर्व जिला अध्यक्ष पद्मेश गौतम, नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरिलाल कोल, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, जनपद पंचायत हनुमना अध्यक्ष गोविंद तिवारी और पार्षद विश्वनाथ मिश्र सहित अन्य कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कैंडल मार्च के दौरान सड़कों पर तिरंगे की शान और मोमबत्तियों की रोशनी से माहौल भावुक और ऊर्जावान दोनों दिखाई दिया। राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा ने मऊगंज में लोकतंत्र की मजबूती और अन्याय के खिलाफ लड़ाई का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने चुनाव आयोग पर धांधली का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “यह सिर्फ सांकेतिक प्रदर्शन है, कांग्रेस जल्द ही जेल भरो आंदोलन की ओर कदम बढ़ाएगी।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस जनता के साथ होने वाले अन्याय और लोकतंत्र की हत्या को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस ऐतिहासिक कैंडल मार्च और तिरंगा यात्रा ने मऊगंज की सड़कों को उम्मीद और संघर्ष की रोशनी से भर दिया।













